श्योपुर, 02 जनवरी 2026
धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग अंतर्गत मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत द्वारिका–सोमनाथ तीर्थ यात्रा के लिए जिले के 200 हितग्राहियों का चयन कम्प्यूटरीकृत लाटरी प्रक्रिया के माध्यम से किया गया। यह प्रक्रिया एनआईसी कक्ष श्योपुर में अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में पारदर्शी रूप से संपन्न हुई।
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार हितग्राहियों का चयन पूर्णतः कम्प्यूटरीकृत प्रणाली से किया गया। लाटरी प्रक्रिया के दौरान अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय, डिप्टी कलेक्टर संजय जैन, भाजपा जिला उपाध्यक्ष महावीर मित्तल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
द्वारिका–सोमनाथ यात्रा के लिए कुल 850 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से आयु सीमा से कम होने के कारण 71 आवेदन अपात्र पाए गए। शेष 779 पात्र आवेदकों में से लाटरी द्वारा 200 हितग्राहियों का चयन किया गया, जबकि 20 हितग्राहियों को प्रतीक्षा सूची में रखा गया है।
चयनित यात्रियों की सूची कलेक्टरेट कार्यालय एवं सभी तहसील कार्यालयों के सूचना पटल पर चस्पा कर दी गई है। उल्लेखनीय है कि श्योपुर जिले को इस तीर्थ यात्रा के लिए 200 यात्रियों का कोटा प्राप्त हुआ है। यह यात्रा 11 जनवरी 2026 से 17 जनवरी 2026 तक आयोजित की जाएगी।
