श्योपुर, 20 अगस्त
जिले में ई-गवर्नेंस की ओर से अभिभावकों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की गई है। इसमें कहा गया है कि बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, समग्र आईडी, मार्कशीट एवं अन्य प्रमाण पत्रों में नाम, जन्मतिथि और पिता के नाम की एकरूपता अवश्य रखी जाए। साथ ही सही स्पेलिंग का प्रयोग किया जाए ताकि भविष्य में किसी भी आवश्यक दस्तावेज बनवाने में परेशानी न हो।
एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि जन्म प्रमाण पत्र और आधार कार्ड में सरनेम का समावेश किया जाए, जिससे आगे नाम या सरनेम लिखने में समस्या न आए। यही नाम व स्पेलिंग आगे की पढ़ाई से जुड़े सभी फॉर्मों और मार्कशीटों में भी एक समान रखे जाएं। मतदाता परिचय पत्र बनवाते समय भी नाम व पिता के नाम की स्पेलिंग तथा अन्य जानकारियाँ सावधानीपूर्वक सही तरीके से दर्ज की जाएं।
ई-गवर्नेंस मैनेजर धर्मेन्द्र मीणा ने बताया कि विभिन्न दस्तावेजों में नाम की स्पेलिंग, जन्मतिथि अथवा पिता के नाम की लिखावट में अंतर होने से बच्चों को प्रवेश, छात्रवृत्ति, परीक्षा परिणाम और शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाई आती है।
उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों के दस्तावेजों की सावधानीपूर्वक जाँच करें और यदि किसी प्रकार की त्रुटि या भिन्नता हो तो संबंधित विभाग अथवा विद्यालय में शीघ्र संशोधन करवाएँ।
